बालोतरा पुलिस थाना शहर एवं जसोल ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध मादक पदार्थ के मामले में झूठी सूचना देने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसपी हरीशंकर ने बताया कि 2 फरवरी को एसआई उमेश विश्नोई मय टीम ने छतरियों का मोर्चा पर आरोपी नेक खां की बाइक के बैग में 16.93 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद कर बाइक को जब्त किया था। इस पर बालोतरा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जसोल थानाधिकारी ने जांच शुरू की। आरोपी से प्रकरण में अवैध मादक पदार्थ खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की तो नेक खां बार-बार बरामद अवैध मादक पदार्थ के संबंध में अनभिज्ञता जाहिर करता हुआ कहने लगा कि मैंने कभी एमडी का धंधा नहीं किया है। मुझे किसी ने रंजिशवश फंसाया है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी नेक खां को रुकवाने वाले कॉन्स्टेबल अशोक कुमार के माध्यम से प्राप्त पूर्व सूचना अनुसार संदिग्ध आरोपी फिरोज, शंकर व इंसाफ से पूछताछ शुरू की जिससे खुलासा हुआ। इंसाफ की नेक खां से पुरानी रंजिश को लेकर इंसाफ ने अपने दोस्त फिरोज उर्फ एटी व शंकर के साथ षड्यंत्र रचा। नेक खां की रैकी कर फिरोज ने ड्रग्स उपलब्ध करवाया गया। अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (एमडी) को योजनानुसार नेक खां के गांव कितपाला सरहद में उसके रहवासीय घर के आहते में रखी बाइक की टंकी के कवर में छिपाया। दूसरे दिन बालोतरा आने के दौरान नेक खां की रैकी कर पुलिस को झूठी सूचना देकर नेक खां के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ बरामद करवा दिया। पूछताछ के बाद आरोपी फिरोज उर्फ एटी पुत्र फकीर मोहम्मद निवासी नूरानी मोहल्ला बालोतरा, शंकर पुत्र ओमप्रकाश निवासी बावरी बस्ती के पीछे बालोतरा, इंसाफ पुत्र सफी मोहम्मद निवासी मूंगड़ा रोड बालोतरा को गिरफ्तार किया गया।


