जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के गेमन पुल से कूदकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। स्थानीय नाविकों की मदद से युवक का शव घटनास्थल से 200 मीटर दूर बरामद किया। मृतक की पहचान मरवाही निवासी पंकज नहरेल (38) के रूप में हुई है। यह घटना चांपा थाना क्षेत्र की है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 3:20 बजे पंकज नहरेल अपनी स्कूटी से गेमन पुल पर पहुंचा। उसने अपने पास रखे कुछ कागजात हसदेव नदी में फेंके और फिर पुल से छलांग लगा दी। कुछ देर तक वह पानी में तैरने की कोशिश करता रहा, लेकिन बच नहीं सका। 112 पर सूचना, देर तक चला बचाव अभियान घटना देखकर लोगों ने तत्काल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक युवक नदी के गहरे पानी में जा चुका था। बचाव अभियान के लिए नगर सेना के जवान भी पहुंचे, लेकिन नाव उपलब्ध न होने के कारण स्थानीय नाविकों की मदद ली गई। घटनास्थल से 200 मीटर दूर मिला शव खोजबीन के दौरान शव घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर रेलवे लाइन के पुल के पास फंसा हुआ मिला, जिसे बाद में नदी से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल की मॉर्चुरी में रखा गया है, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस जांच जारी पंकज नहरेल ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी अज्ञात है और पुलिस जांच के बाद ही इसका खुलासा हो पाएगा। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने पुल के ऊपर मिली स्कूटी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।


