रेलवे ने यात्रियों के लिए दो जरूरी अपडेट जारी किए हैं। साबरमती-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के समय में 1 फरवरी से आंशिक बदलाव किया जा रहा है। वहीं, पंजाब में पुल की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस 1 अप्रैल से फिर से अपने पूरे रूट यानी जम्मूतवी तक संचालित होगी। जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि दोनों बदलाव यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों की समयपालना को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। साबरमती-जोधपुर वंदे भारत का नया शेड्यूल डीआरएम त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 12462, साबरमती-जोधपुर वंदे भारत सुपरफास्ट के समय में 1 फरवरी से बदलाव लागू होगा। अब यह ट्रेन साबरमती स्टेशन से अपने पुराने समय शाम 4:45 बजे के स्थान पर 10 मिनट देरी से, यानी शाम 4:55 बजे रवाना होगी। इसी तरह महेसाना स्टेशन पर भी इसके समय में परिवर्तन किया गया है। अब यह ट्रेन महेसाना शाम 5:28 के बजाय 5:38 बजे पहुंचेगी और 5:40 बजे जोधपुर के लिए रवाना होगी। 1 अप्रैल से जम्मूतवी तक सीधी कनेक्टिविटी उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में भारी बारिश और कठुआ-माधोपुर (पंजाब) स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 17 पर तकनीकी समस्या के कारण भगत की कोठी-जम्मूतवी एक्सप्रेस (14803/14804) को आंशिक रूप से रद्द किया गया था। यह ट्रेन अभी पठानकोट तक ही चल रही थी। डीआरएम त्रिपाठी ने बताया कि अब मरम्मत और तकनीकी सुधार का काम पूरा होने वाला है। इसके चलते 1 अप्रैल से ट्रेन संख्या 14803 (भगत की कोठी से) और 2 अप्रैल से ट्रेन संख्या 14804 (जम्मूतवी से) को नियमित रूप से जम्मूतवी तक बहाल कर दिया जाएगा।


