सिंचाई के लिए नहर में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर सिवनी जिले के बंडोल में सोमवार दोपहर 2 बजे किसानों ने हाईवे जाम कर दिया। जानकारी लगते ही तुरंत बंडोल पुलिस पहुंची। किसानों को समझाकर 15 मिनट में जाम खुलवाया। हालांकि, इस बीच दोनों तरफ दो किमी तक जाम लग गया था। बताया जा रहा है कि सिवनी जिले के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए वे कई बार ज्ञापन भी दे चुके हैं। किसानों ने बताया कि पेंच व्यपवर्तन परियोजना की सिवनी ब्रांच नहर से बंडोल क्षेत्र में पानी मिलता है, लेकिन इन दिनों रबी सीजन में नहर से पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। इसलिए राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर भोंगाखेड़ा के पास जाम लगाकर आक्रोश जताया गया। बंडोल थाना प्रभारी श्रीचंद मरावी ने बताया कि किसानों को समझाइश देकर फोरलेन से हटा दिया गया है। सूचना पर डूंडा सिवनी, यातायात थाने का बल और पेंच परियोजना के अधिकारी भी पहुंच गए। किसानों का कहना है कि पेंच परियोजना की डी-2 नहर में तिघरा तक दो दिन पहले पानी पहुंचा और वापस हो गया। इसके बाद नहर से जुड़े नरेला, नगझर, भोंगोखेड़ा इत्यादि गांव के किसान आज भी सिंचाई के पानी का इंतजार कर रहे हैं। फोटो में देखें की सड़क जाम की स्थिति


