उदयपुर में ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स मीट:अग्निशमन वीरों का दिखाया दम, 55 साल के कर्मचारी ने दिखाया जोश; देविका ने 100 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीता

उदयपुर के खेलगांव और लवकुश स्टेडियम में आयोजित प्रथम ऑल इंडिया फायर सर्विस स्पोर्ट्स मीट 2026 के तीसरे दिन रोमांच अपने चरम पर रहा। राजस्थान फायर सर्विस और नगर निगम उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में चल रही इस प्रतियोगिता में देशभर के अग्निशमन जांबाजों ने अपना कौशल दिखाया। तीसरे दिन एथलेटिक्स, सीढ़ी दौड़, आर्म रेसलिंग और बैडमिंटन जैसे कड़े मुकाबले हुए। खेल प्रेमियों की भारी भीड़ ने स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का जोश बढ़ाया। मैदान पर अनुशासन और साहस का ऐसा अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने इस राष्ट्रीय आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अग्निशमन कर्मी न केवल आपदा में रक्षक हैं, बल्कि खेल के मैदान में भी फिटनेस की मिसाल पेश कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों से टीम भावना और मानसिक मजबूती बढ़ती है। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण 55 वर्षीय वरिष्ठ कर्मचारी रहे, जिन्होंने सीढ़ी दौड़ में चीते जैसी फुर्ती दिखाई। उनकी चुस्ती और संतुलन ने युवाओं को भी प्रेरित किया। वहीं राजस्थान की देविका ने 100 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। तमिलनाडु के मारीअप्पन एम और प्रेमकुमार एम ने दौड़ में अपनी बादशाहत दिखाई, जबकि गोवा, मुंबई और दिल्ली के खिलाड़ियों ने भी स्वर्ण पदक जीते।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *