धौलपुर पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सरमथुरा थाना पुलिस ने चंबल नदी से अवैध रूप से निकाली गई बजरी से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में चालक मौके से फरार हो गया। थानाधिकारी कृपालसिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर का ट्रैक्टर पकड़ा, जिसका चैसिस नंबर MBNAK48ACPTA50732 और इंजन नंबर CJ.1354/NP015271 है। चालक अंधेरे और उबड़-खाबड़ रास्ते का फायदा उठाकर भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मामले में वन्य जीव अधिनियम की धारा 29/51, बीएनएस 2023 की धारा 303(2), 61(2) और वन अधिनियम की धारा 41, 42 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल कुमार जागिड़, मनोज कुमार शर्मा और वृत्ताधिकारी नरेंद्र कुमार कर रहे हैं।


