सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में पिछले दस दिन में ही तीन बॉडी दान की गई है। दरअसल, तीनों ने देहदान के लिए संकल्प लिया था। ऐसे में मृत्यु पश्चात परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने के बजाय उसे मेडिकल कॉलेज को सौंप दिया। जहां मेडिकल स्टूडेंट्स रिसर्च और अपनी पढ़ाई के लिए काम में लेते हैं। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. गुंजन सोनी के साथ ही कई स्वयंसेवी संस्थाएं देहदान के लिए अभियान चला रही है। ऐसे में सर्वसमाज में देहदान को लेकर जन जागरूकता बढ़ी है। इसी कारण पिछले दस दिन में एसपी मेडिकल कॉलेज को तीन बॉडी डोनेशन के रूप में प्राप्त हूई। बुधवार दोपहर दो बजे समता नगर निवासी 67 वर्षीय हरीगोपाल अग्रवाल के निधन पर उनकी इच्छानुसार उनके पुत्र चेतन चिराग ने अपने पिता की पार्थिव देह एसपी मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग को दान स्वरूप सुपुर्द की। इस दौरान प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी ने पार्थिव देह को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अग्रवाल परिवार को ढांढ़स बंधाया। प्राचार्य डॉ. सोनी ने कहा कि देह दान चिकित्सा अनुसंधान एवं शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय है, इससे चिकित्सा छात्र-छात्राओं, शोधकर्ताओं को मानव शरीर को समझने में मदद मिलती है। सर्वसमाज को कुशल चिकित्सक प्राप्त होने की संभावनाएं बढ़ती है। एनाटॉमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि के मार्गदर्शन में देह दन संबंधित औपचारिकताएं पूर्ण की गयी। इस दौरान डॉ. के.आर. मीणा, डॉ.रामेश्वर व्यास, डॉ. अनिता राज राठौड़, डॉ. भारती, मोहन व्यास, कमलेश व्यास, हेतराम जाखड़, विनय थानवी, श्रवण एवं शिव सिंह सहित अन्य कार्मिकों ने पार्थिव देह को श्रद्धा सुमन अर्पित किये।


