जबलपुर और इंदौर का विद्युत महिला क्रिकेट में दबदबा:अंतरक्षेत्रीय प्रतियोगिता के पहले दिन शानदार प्रदर्शन

एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की केंद्रीय खेल एवं कला परिषद की ओर से दो दिवसीय अंतरक्षेत्रीय विद्युत महिला क्रिकेट प्रतियोगिता गुरुवार को रामपुर स्थित पाण्डुताल ग्राउंड में शुरू हुई। प्रतियोगिता का उद्घाटन एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) एवं केंद्रीय खेल एवं कला परिषद के महासचिव राजीव गुप्ता ने किया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में केंद्रीय कार्यालय जबलपुर और इंदौर क्षेत्र की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने दो मैच जीतकर प्रतियोगिता में मजबूत स्थिति बना ली। इस प्रतियोगिता में केंद्रीय कार्यालय जबलपुर, जबलपुर क्षेत्र, इंदौर क्षेत्र तथा श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया (खंडवा) की टीमों ने भाग लिया। पहले मुकाबले में केंद्रीय कार्यालय जबलपुर ने टॉस जीतकर जबलपुर क्षेत्र को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। जबलपुर क्षेत्र की टीम 8 ओवर में 52 रन ही बना सकी। जवाब में केंद्रीय कार्यालय जबलपुर की टीम ने केवल 5 ओवर में 2 विकेट खोकर आसान जीत दर्ज की। दूसरे मैच में इंदौर क्षेत्र की टीम ने श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया को 8 विकेट से हराया। श्री सिंगाजी की टीम 8 ओवर में 44 रन बना पाई। इंदौर की ओर से नीरू ने 23, रिंकी ने 11 और सुमिता ने 10 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। तीसरे मुकाबले में इंदौर क्षेत्र ने जबलपुर क्षेत्र को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। जबलपुर क्षेत्र की टीम मात्र 22 रन पर ऑलआउट हो गई। इंदौर की ओर से रिंकी और नीरू ने एक-एक विकेट लिया, जबकि दो बल्लेबाज रन आउट हुए। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंदौर ने सिर्फ एक विकेट गंवाकर मैच अपने नाम कर लिया। चौथे मुकाबले में केंद्रीय कार्यालय जबलपुर ने श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह को 9 विकेट से पराजित किया। श्री सिंगाजी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 72 रन बनाए, जिसमें निकिता ने नाबाद 56 रन की शानदार पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए केंद्रीय कार्यालय जबलपुर की ओर से मनीषा झारिया ने नाबाद 41, मीना उइके ने 17 और नीता पटेल ने 13 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिलाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *