भास्कर न्यूज|लोहरदगा जोहार झारखंड संकल्प अभियान, लोहरदगा के तत्वावधान में 77वें संविधान दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर स्थित बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष संविधान बचाओ-देश बचाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय ट्रेड यूनियन, कर्मचारी सेवा संगठन मंच, किसान समन्वय समिति, प्रार्थना सभा, नव जवान सभा, महिला संगठन तथा वामदल के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी प्रतिनिधियों द्वारा बाबासाहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने एसआईआर के तहत मतदाताओं के नाम मनमाने ढंग से हटाए जाने का विरोध करते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की। सभा में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों व मजदूरों के शोषण, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, रेल, भेल, सेल व बंदरगाहों के निजीकरण, धर्मनिरपेक्षता के नाम पर साम्प्रदायिकता के विस्तार, तथा छात्रों की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। किसानों की तरह मजदूरों पर थोपे गए चार लेबर कोड के विरोध में 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। वहीं 27 जनवरी 2026 की बैंक कर्मियों की हड़ताल का समर्थन भी किया गया। वक्ताओं ने बिना समुचित जांच के स्कूलों को बंद किए जाने तथा मुस्लिम स्कूलों को बुलडोजर से ध्वस्त किए जाने की निंदा की। साथ ही रोजगार, शिक्षा और काम के अधिकार से जुड़े वादों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी गई कि यदि जनविरोधी फैसले नहीं रोके गए, तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम में महेश कुमार सिंह, जगदीश महतो, बच्चू नारायण सिंह, गोपाल महतो, राम कुमार महतो, उधवा उरांव, माघी उरांव, लालदेव उरांव, राजकुमार टोप्पो, किसुन दास, मो. जफर आलम, दिलमुनी कुजूर, मनीषा उरांव सहित अनेक लोग उपस्थित थे।


