सिमडेगा | उपायुक्त कंचन सिंह ने गुरुवार को समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन कर ग्रामीण जनता की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में उपस्थित प्रत्येक ग्रामीण से उन्होंने एक-एक कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं त्वरित निष्पादन हेतु निर्देश देते हुए मामलों को अग्रसारित किया। जनता दरबार में दुमकी ओडिशा बॉर्डर से छुरिया ढावठा टोली तक बन रहे सड़क निर्माण कार्य को समय पर पूर्ण कराने, बांसजोर प्रखंड के आंदेरकुम्बा गांव में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा एवं आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधाएं बहाल करने, भूमि पर अवैध कब्जा हटाने, मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, सलडेगा ग्राम के गैरमजरूआ आम सार्वजनिक भूमि का सीमांकन कराने, अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने, नया राशन कार्ड बनवाने सहित अन्य विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पट अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र उपस्थित रहे।


