लुधियाना| ग्यासपुरा के पीपल चौक स्थित न्यू अंबेडकर नगर इलाके में नशे की ओवरडोज से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है, जो अंबेडकर नगर का रहने वाला था। मृतक की मां देवान्ती देवी ने बताया कि सूरज कुछ समय से नशे का आदी हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में आसानी से नशा मिल जाता है। उनके अनुसार वीरवार सुबह करीब आठ बजे सूरज घर से निकला था। सोमवार देर रात उसका एक दोस्त उसे घर छोड़कर गया। उस समय उसकी हालत बेहद खराब थी और वह बेसुध था। परिजनों ने तुरंत उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और पुलिस को सूचना दे दी गई है। परिवार के मुताबिक सूरज मजदूरी का काम करता था और घर का मुख्य सहारा था। वह मूल रूप से बिहार के जिला बक्सर का रहने वाला था और रोजी-रोटी कमाने के लिए लुधियाना में रह रहा था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि होगी।


