बैंक की ओर से सील फैक्टरी का स्टॉक बेचा, दंपती पर धोखाधड़ी का पर्चा दर्ज

लुधियाना| बैंक द्वारा सील की गई फैक्टरी का स्टॉक चोरी-छिपे बेचने के आरोप में थाना दरेसी पुलिस ने फैक्टरी मालिक दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई इंडियन ओवरसीज बैंक के रीजनल मैनेजर की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता उमाकांत, रीजनल मैनेजर, इंडियन ओवरसीज बैंक (सिविल लाइंस) ने पुलिस को बताया कि दयाल नगर, घुमार मंडी निवासी सुमन जैन और उसके पति प्रवीण जैन ने अपनी फैक्टरी “सुमित इंटरनेशनल” के नाम पर अलग-अलग समय पर बैंक से करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपए का लोन लिया था। बैंक के अनुसार ब्याज और बकाया बढ़ने के साथ यह रकम करीब 3 करोड़ 75 लाख रुपए तक पहुंच गई। बकाया न चुकाने पर बैंक ने नियमों के तहत फैक्टरी परिसर, स्टॉक, मशीनरी और संबंधित संपत्ति को सील कर दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद दंपती ने बैंक को बिना सूचना दिए फैक्टरी का स्टॉक चोरी-छिपे बेच दिया, जिससे बैंक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। मामले की जांच के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। जांच अधिकारी दविंदर सिंह ने बताया कि सुमन जैन और प्रवीण जैन के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दस्तावेजी रिकॉर्ड और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *