जांजगीर | जिले में धान खरीदी को लेकर कांग्रेस द्वारा अनुविभागीय कार्यालय घेराव पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता रवि पांडे ने कहा कि विपक्ष किसानों के बीच गलत आंकड़े रखकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में पंजीकृत 1,26,949 किसानों में से 1,19,517 यानी 94% किसानों ने अपना धान बेच दिया था। वर्तमान वर्ष 2025-26 में 1,26,043 पंजीकृत किसानों में से 1,11,517 यानी 93% किसानों ने अब तक धान बेचा है। पांडे ने कहा कि जारी टोकन के तहत कुल 1,27,303 टोकन में 6,16,376 मीट्रिक टन धान की खरीदी होनी थी, जिसमें से 6,05,318 मीट्रिक टन यानी 98% धान की खरीदी पूरी हो चुकी है। कुछ किसानों के टोकन आवेदन सहकारिता सत्यापन के बाद एक-दो दिन में जारी कर दिए जाएंगे और सभी किसानों का धान खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय की सुशासन वाली सरकार किसानों के हित में किए गए वादों पर पूरी तरह खरी उतरेगी।


