न्यायाधीश ने शिशु गृह, पालन गृह एवं वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया, दिए निर्देश

भास्कर न्यूज | झालावाड़ राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झालावाड़ की सचिव शशि गजराना के द्वारा गुरुवार को शिशु गृह धनवाड़ा एवं पालन गृह का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थानों की कार्यप्रणाली, स्वच्छता, बच्चों की देखभाल व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं, सीसीटीवी कैमरे, रजिस्टर, अभिलेख, केस फाइलों तथा कर्मचारियों के कार्य संचालन का गहन अवलोकन किया। साथ ही रसोईघर एवं अन्य कक्षों की स्थिति का भी निरीक्षण कर बच्चों के रहन-सहन व स्वच्छता का आकलन किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिशु गोद लेने की प्रक्रिया, अनचाहे शिशुओं से संबंधित जागरूकता सामग्री के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए तथा पालन गृह में अलार्म सिस्टम की जांच की, जो सही पाया गया। भविष्य में भी साफ-सफाई, अलार्म सिस्टम एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में उन्होंने लोथी स्कूल, हाउसिंग बोर्ड झालावाड़ परिसर में संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने चिकित्सकीय सहायता, विधिक सहायता, परामर्श, आश्रय एवं काउंसलिंग सुविधाओं का अवलोकन किया। बताया कि केंद्र पर सरकार द्वारा यौन, शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं आर्थिक हिंसा से पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं को सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष शिवराज सिंह, सदस्य पूर्णिमा सिकरवार, बबली मीणा, अधीक्षक रविन्द्र मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *