झारखंड में स्थानीय सरकार चुनने की तैयारी पूरी हो चुकी है। अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही राज्य में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। इस चुनाव को लेकर युवाओं में उत्साह है, जनप्रतिनिधियों से अपेक्षाएं हैं। वे चाहते हैं कि उनका जनप्रतिनिधि ऐसा हो, जो उनकी समस्याएं सुने और समय पर उनका समाधान करे। लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं: आभाशहर की सरकार को देखने का नजरिया मूलतः सेवा, सुविधा और सहभागिता का होना चाहिए, सिर्फ सत्ता या दफ्तर चलाने का नहीं। शहर के लोग रोजमर्रा की सुविधाएं चाहते हैं, जिनमें पानी समय पर आए, सड़क गड्ढामुक्त हो, बिजली-नाली-कचरा प्रबंधन भरोसेमंद हो। शहर की सरकार की पहली जिम्मेदारी है कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं। लोग चाहते हैं कि उनकी समस्याएं सुनी जाएं और समय पर उनका समाधान हो। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षा, बेहतर स्ट्रीट लाइट, पार्क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थान हों। शहर सिर्फ इमारतों का नहीं, इंसानों का हो। शहर की सरकार से उम्मीद होती है कि वह छोटे कारोबार, स्टार्टअप, स्ट्रीट वेंडर और युवाओं के लिए अवसर पैदा करे। ट्रैफिक, प्रदूषण, बढ़ती आबादी-इन सब पर अल्पकालिक नहीं, दीर्घकालिक योजनाएं बनें। जनप्रतिनिधि लोगों से मिलें, समस्याएं सुनें: आयुषशहर की सरकार वही बेहतर ढंग से चलती है, जो मोहल्लों, वार्डों और नागरिक समूहों को फैसलों में वास्तविक भागीदारी दे। लेकिन हकीकत यह है कि वार्ड पार्षद बनने के बाद कितने जनप्रतिनिधि नियमित रूप से अपने क्षेत्र के लोगों से मिलते हैं और उनकी समस्याएं सुनते हैं? अक्सर देखा जाता है कि नागरिक अपनी शिकायतें लेकर पार्षदों के पास जाते हैं, पर उन्हें सुनने वाला कोई नहीं होता। संवाद की यह कमी लोगों में निराशा और अविश्वास पैदा करती है। जब निर्वाचित प्रतिनिधि ही जिम्मेदारी से पीछे हट जाएं, तो आम नागरिक आखिर अपनी समस्याएं लेकर कहां जाएं? चुनाव जनता और सरकार के बीच विश्वास का माध्यम है। नगर निगम को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए, तभी शहर का समग्र विकास संभव है।


