झाबुआ कोतवाली पुलिस ने गुरुवार शाम शहर के व्यस्त इलाके दिलीप गेट के पास घेराबंदी कर सट्टा खिलाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर दी दबिश थाना प्रभारी आर.सी. भास्करे को सूचना मिली थी कि दिलीप गेट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सट्टे की खाईवाली की जा रही है। इसके बाद टीआई ने एक विशेष टीम का गठन किया और मौके पर छापेमारी की। पुलिस की अचानक दस्तक से वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके का फायदा उठाकर कुछ अन्य संदिग्ध भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया। पर्चियां और नकदी बरामद तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में सट्टे की पर्चियां, सट्टा सामग्री और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया व्यक्ति पुराना सटोरिया है और उसके खिलाफ पहले भी अवैध सट्टेबाजी और खाईवाली के कई मामले दर्ज हैं। कड़ी कार्रवाई की तैयारी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी आर.सी. भास्करे ने बताया- शहर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसे ठिकानों पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब फरार हुए अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।


