बैकुंठपुर | कोरिया और एमसीबी जिले के नेटवर्क विहीन ग्रामीण इलाकों में भी नेटवर्क ढूंढ़कर बुजुर्गों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाने का काम किया जा रहा है। इसके लेकर ब्लॉक भरतपुर के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प को साकार करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में भी निरंतर सक्रिय बनी हुई है। पहाड़ी इलाकों, अंदरूनी ग्रामों और कमजोर मोबाइल नेटवर्क जैसी चुनौतियों के बावजूद बुजुर्गों के आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाने का काम किया जा रहा है। जिले के पिछड़े और अंदरूनी गांवों में नेटवर्क की गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एक अभिनव और मानवीय व्यवस्था अपनाई है। जिन स्थानों पर बेहतर मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां पहुंचकर हेल्थ वर्कर वरिष्ठ नागरिकों का मौके पर ही वय वंदन कार्ड तैयार कर रहे हैं।


