भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा मां दंतेश्वरी मंदिर की दान पेटी चार महीने बाद बुधवार सुबह खोली गई। सितंबर के बाद पहली बार दान पेटी खोले जाने से सुबह से ही मंदिर परिसर में हलचल रही। टेंपल कमेटी द्वारा पुलिस सुरक्षा के बीच दान पेटी खोली गई, जहां नोटों और सिक्कों की गिनती देर शाम तक जारी रही। दान पेटी में नकदी के साथ-साथ श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोना और चांदी के आभूषण भी मिले हैं। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, भक्तों ने श्रद्धा स्वरूप विभिन्न प्रकार के गहने और धातु के आभूषण भी दान किए हैं। मंदिर समिति ने बताया कि मां दंतेश्वरी की दान पेटी हर तीन से चार महीने के अंतराल में खोली जाती है। हर बार की तरह इस बार भी बड़ी मात्रा में नकद राशि के साथ कीमती धातुओं के आभूषण प्राप्त हुए हैं। गिनती और रिकॉर्डिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दान की कुल राशि और आभूषणों का विवरण सार्वजनिक किया जाएगा। पुलिस की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न की जा रही है।


