जिले में गुरुवार को सुबह 9 बजे तक घना कोहरा रहा। बाहरी इलाकों में कोहरे की दृश्यता सुबह 8 बजे 20 मीटर से भी कम रही। मौसम विभाग ने दृश्यता 50 मीटर से कम आंकी। ट्रेनों में फोग डिवाइस होने के बावजूद भी घने कोहरे के दिल्ली-बीकानेर सहित 4 ट्रेन लेट पहुंची। शहर के बाहरी इलाकों में इतना घना कोहरा था कि वाहन लाइट जलाने के बावजूद भी रेंग-रेंगकर चलते रहे। कोहरे के साथ सर्द हवा से ठिठुरन भी बढ़ गई। कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी का असर जिले में भी देखने को मिला। न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम 21.2 एवं न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री रहा, जबकि बुधवार को अधिकतम 20.1 एवं न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री था। 24 घंटे में अधिकतम में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को दिन में धूप तेज रही। मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी व 1 फरवरी को बारिश की संभावना है। घने कोहरे के कारण ट्रेनों व सड़क पर वाहनों का संचालन प्रभावित हुआ। दिल्ली व श्रीगंगानगर से चूरू आने वाली ट्रेन एक से दो घंटे देरी से पहुंची। दोपहर 1.13 बजे चूरू पहुंचने वाली दिल्ली-बीकानेर एक्सप्रेस दो घंटे देरी से दोपहर 3.12 बजे चूरू पहुंची। तड़के 3.25 बजे चूरू आने वाली दिल्ली-जोधपुर एक्सप्रेस 4.54 बजे पहुंची। ये ट्रेन 89 मिनट देरी से आई। सुबह 4.10 बजे चूरू पहुंचने वाली दिल्ली- बीकानेर ट्रेन 103 मिनट देरी से सुबह 5.53 बजे पहुंची। श्रीगंगानगर से चूरू आने वाली अरावली एक्सप्रेस तड़के 4.45 बजे की बजाय 6.17 बजे चूरू पहुंची। कुछ ट्रेन 15 से 20 मिनट देरी से चूरू पहुंची। कोहरे का असर सड़कों पर भी रहा। सुबह अधिकतर बसें रेंगती हुई गई। यात्रीभार कम रहा। कृषि विभाग के सहायक निदेशक कुलदीप शर्मा का कहना है कि जनवरी के 29 दिन निकल गए। इस बार अभी तक रबी की फसलों पर पाळा नहीं पड़ा। बार-बार कोहरे एवं मावठ के कारण फसलों की बढ़वार में इजाफा हुआ है। कोहरे एवं नमी से सरसों, चना सहित अन्य फसलों की ग्रोथ होगी। सुबह नमी 100 फीसदी थी। उन्होंने बताया कि जिले में 5 लाख हैक्टेयर में रबी की फसलों की बुवाई की गई है। निदेशक शर्मा ने बताया कि कोहरे व आर्द्रता के कारण किसानों को सिंचाई की जरूरत नहीं रहेगी। पिछले दिनों हुई मावठ के बाद अब एक और मावठ आने की संभावना बनी हुई है, इससे रबी की फसलों को ग्रोथ मिलेगी। सादुलपुर, तारानगर, सरदारशहर, बीदासर सहित अन्य इलाकों में रबी की पैदावार अच्छी होने की उम्मीद है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा का कहना है कि 31 जनवरी से 2 फरवरी के दौरान एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 1 व 2 फरवरी को उत्तरी-पूर्वी राजस्थान के जिलों के अलावा बीकानेर व जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा। जिले में शुक्रवार को कोहरा रहेगा। तापमान में गिरावट होने की संभावना है।


