विधानसभा उपचुनाव में दौसा से नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा ने धन्यवाद यात्रा शुरू की है। इसके तहत उन्होंने सोमवार को भांकरी, मांगाभाटा, राजपुरा, जोपाड़ा, जयपुरा, लोटवाड़ा, खोर्रा कलाँ, कालोता, भेड़ोली, निमाली, जामा, सौर तलाई, खोर्रा ख़ुर्द, खड़का, कुण्डल, प्रेमपुरा, हाज्या का बास में समर्थकों से मिलकर उनकी फरियाद सुनी। जहां लोगों ने डीजे पर नाचते गाते हुए विधायक का स्वागत किया। विधायक ने कहा- सर्वसमाज के समर्थन से उन्हें जीत मिली है, ऐसे में सभी को साथ लेकर विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। क्षेत्र के लोगों के सुझावों पर अमल करते हुए उनकी समस्याओं को दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही बिजली, पानी व सड़क से संबंधित मुद्दों पर सक्रियता से काम करते हुए लोगों को राहत दी जाएगी। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस पदाधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार दीनदयाल बैरवा ने कृषि मंत्री डॉ किरोडी लाल मीणा के भाई और भाजपा उम्मीदवार जगमोहन मीणा को 2300 वोटों से शिकस्त देकर जीत दर्ज की थी। जिसके बाद भाजपा के जगमोहन मीणा ने भी नांगल राजावतान क्षेत्र से मतदाता आभार यात्रा शुरू की थी। वे अब तक दर्जनों गांवों का दौरा कर चुके हैं। वहीं अब विधायक डीसी बैरवा ने भी धन्यवाद यात्रा शुरू कर दी है।


