जालंधर में अंडरब्रिज के पास मिला शव:नशे की ओवरडोज के कारण मौत की आशंका,पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

जालंधर के सूर्य एन्क्लेव अंडरब्रिज के पास गुरुवार देर रात एक 40 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान एकता नगर के रहने वाले अनूप के रूप में हुई है। घटनास्थल से एक सीरिंज मिलने के कारण स्थानीय लोगों द्वारा नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जालंधर में अपराध और नशे का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला थाना रामामंडी के अंतर्गत आते सूर्य एन्क्लेव अंडरब्रिज का है, जहां गुरुवार रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान एकता नगर निवासी अनूप (40) के रूप में हुई है। घर से 500 रुपए लेकर निकला था अनूप मृतक के पिता कलम सिंह, जो बिजली विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, उन्होंने ने बताया कि अनूप काम-काज करता था। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे अनूप अपने पिता से 500 रुपए लेकर किसी काम के बहाने घर से बाहर निकला था। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिवार को चिंता होने लगी। रेलवे लाइन के पास मिला शव देर रात स्थानीय लोगों ने कलम सिंह को सूचना दी कि अनूप सूर्य एन्क्लेव अंडरब्रिज के पास रेलवे लाइन के किनारे बेसुध पड़ा है। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अनूप की मौत हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, अनूप के शव के पास एक सीरिंज भी मिली है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि मौत का कारण नशे का इंजेक्शन हो सकता है। पुलिस की कार्रवाई और जांच घटना की सूचना मिलते ही थाना रामामंडी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई (ASI) सुरजीत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से उन्हें सूर्य एन्क्लेव अंडरब्रिज के पास शव होने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। हालांकि स्थानीय लोग इसे नशे से जुड़ी मौत बता रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। पुलिस फिलहाल धारा 174 के तहत कार्रवाई कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *