जैसलमेर आज से मरू महोत्सव की रंगीन छटा में रंग जाएगी। तीन दिन तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित मरु उत्सव में जहां लोक संस्कृति, परंपरा और पर्यटन का संगम देखने को मिलेगा, वहीं शहीद दिवस के अवसर पर देश के बलिदानियों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी। महोत्सव के दौरान मिस्टर डेजर्ट और मिस मूमल जैसे आकर्षक मुकाबले होंगे, जबकि पहले दिन की शाम बॉलीवुड नाइट सजेगी। महोत्सव का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार सुबह सोनार दुर्ग स्थित भगवान लक्ष्मीनाथ जी की आरती के साथ हुआ। इसके बाद गड़ीसर लेक से शहीद पूनमसिंह स्टेडियम तक लोक संस्कृति के रंगों से सजी शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में ऊंट, लोक कलाकार, पारंपरिक वेशभूषा और झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।


