कांग्रेस अध्यक्ष व कई विधायक दिल्ली पहुंचे, कल होगी आलाकमान से भेंट

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश बुधवार को दिल्ली पहुंच गए। उनके अलावा कांग्रेस के आधे विधायक आैर पार्टी कोटे के झारखंड सरकार के मंत्री भी दिल्ली पहुंचे हैं। अन्य विधायक गुरुवार को दिल्ली पहुंचेंगे। सात फरवरी को ये सभी नेता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे , नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के सी वेणुगोपाल समेत अन्य केन्द्रीय नेताओं से मिलेंगे। पहले यह मुलाकात छह फरवरी को होनी थी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर और सह प्रभारी सिरिवेला प्रसाद के नेतृत्व में यह दल आलाकमान से मिलकर उनके प्रति आभार व्यक्त करेगा। साथ ही राज्य की राजनीतिक स्थितियों पर चर्चा करने के साथ मार्ग निर्देश भी प्राप्त करेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के साथ दिल्ली गए प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद यह पहला मौका होगा जब सभी मंत्री आैर विधायक एक साथ आलाकमान से मुलाकात करेंगे। विधायक और मंत्री विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादे और गारंटियों से राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराते हुए इस दिशा में अब तक किए गए कार्यों से भी राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया जाएगा। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। वे भी इस मुलाकात में शामिल होंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *