लुधियाना| सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद भी नगर निगम कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं आ रहे हैं। इसका खुलासा नगर निगम मेयर इंद्रजीत कौर के जोन ए कार्यालय परिसर में किए गए औचक निरीक्षण में हुआ। निजी कार से मेयर सुबह करीब सवा नौ बजे निजी वाहन से नगर निगम कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने सुविधा केंद्रों, टैक्स शाखा, स्वास्थ्य शाखा, बीएंडआर ब्रांच आदि विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर जानकारी ली और रजिस्टरों की भी जांच की, अपनी सीटों से अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को चेतावनी जारी की। कार्यालय में आए लोगों से बातचीत भी की और फीडबैक लिया। कर्मचारियों को शहर में शिविर आयोजित करने का भी निर्देश दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निवासियों को सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले।


