सार्वजनिक कार्यक्रमों में अश्लील नृत्य को कला बताने को लेकर पहले ही विवादों में घिरे राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम एक बार फिर अपने बयान से चर्चा में आ गए हैं। शुक्रवार को कामधेनु विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने एक और विवादित टिप्पणी की। जब उनसे पर्यावरणविदों द्वारा प्लास्टिक की बोतलों में शराब बेचने से कैंसर होने की आशंका जताने के संबंध में सवाल किया गया, तो उन्होंंने हंसते हुए कहा कि प्लास्टिक की बोतल वाली शराब पीने से कैंसर होता है या कांच की बोतल में, उन्हें यह जानकारी नहीं है। अनुभव लेने के बाद ही इस विषय पर कुछ कह पाएंगे। बता दें कि राज्य सरकार ने शराब को प्लास्टिक बोतलों में बेचने का निर्णय लिया है। धान खरीदी की तारीख बढ़ाए जाने के सवाल पर मंत्री ने माना कि समय कम बचा है, लेकिन सरकार ने सभी किसानों से धान खरीदने की पूरी व्यवस्था कर रखी है। कांग्रेस के आंदोलन की तैयारी पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा भड़काने का काम करती है। उसके शासनकाल में धान खरीदी की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। वहीं, यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट की रोक को लेकर मंत्री ने इसे राष्ट्रीय स्तर का विषय बताते हुए कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।


