उत्तर भारत में हुई बर्फबारी का असर रांची समेत पूरे झारखंड में दिख रहा है। न्यूनतम तापमान बढ़ने के बावजूद दिनभर ठंडी हवा चली। गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह और शाम धुंध छाई रही। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री बढ़कर 15 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक है। इसके बावजूद ठंड कम नहीं हुई। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री रांची के कांके में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आ सकती है। अगले दो दिनों में 2-3 डिग्री तक पारा गिरने की संभावना है। 2 फरवरी तक राज्य के कुछ जिलों में आंशिक बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 और 4 फरवरी को रांची, खूंटी, डालटनगंज, लातेहार, लोहरदगा में हल्की बारिश हो सकती है। सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। बारिश के बाद बादल छंटने पर ठंड फिर बढ़ने के आसार हैं।


