विधानसभा में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस राज में घोषित छह रोडवेज डिपो को चालू नहीं करने के मुद्दे पर जमकर नोकझोंक हुई। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस विधायक अमित चाचाण ने कांग्रेस राज में घोषित रोडवेज डिपो को चालू नहीं करने पर परिवहन मंत्री पर सवाल उठाए। डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने पलटवार करते हुए कहा- कांग्रेस सरकार ने बिना वित्तीय प्रावधान केवल खाली घोषणाएं की थीं। कांग्रेस राज के कामों में रोड़ा अटका रही बीजेपी कांग्रेस विधायक अमित चाचाण ने पूरक सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुईं घोषणाओं को अटका रही है। कांग्रेस राज के कामों में रोड़ा अटका रही है। नोहर बस डिपो का काम अटका दिया है। इस पर डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा ने कहा- नियमों के अनुसार डिपो खोलने के लिए मापदंड तय हैं। बोर्ड बैठक में तय हुआ है कि वहां बस स्टैंड बनेगा। डिपो नहीं। आप लोगों ने केवल वाहवाही लूटने के लिए घोषणा की है। नेता प्रतिपक्ष और डिप्टी सीएम में हुई नोकझोंक नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि क्या बजट घोषणा में वित्तीय प्रबंध नहीं हुआ। क्या मापदंड के बिना कहीं डिपो नहीं खोल, जब बजट में घोषणा की है। वित्तीय प्रावधान भी किया होगा। बैरवा ने कहा- आपने बिना सोचे समझे डिपो खोलने की घोषणा की। कहीं वित्तीय स्वीकृति नहीं दी। हमने सब जगह सर्वे करवाकर फैसला किया कि कहां बस स्टेंड खोलना है, कहां बस डिपो बनाना है। शिक्षा मंत्री बोले जर्जर स्कूल गिराए जाए शिक्षा मंत्री बोले- जर्जर स्कूल भवनों को गिराया जाएगा, स्कूल भवनों की होगी थर्ड पार्टी ऑडिट, कांग्रेसी बिना सोचे समझे काम करते थे,कभी जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया। विधानसभा में भाजपा विधायक संदीप शर्मा के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- जर्जर स्कूल भवन जितने भी हैं, उनको जमींदोज किया जाएगा। उनको हटाया जाएगा क्योंकि वार्षिक परीक्षा नजदीक है। कई भवन ऐसे हैं जो जर्जर हालत में है। जर्जर भवनों के लिए कमेटी है, डीईओ के पास रिपोर्ट जाती है। एक माह का समय होता है। 18,00 स्कूल भवन जर्जर हैं। दिलावर ने कहा- कांग्रेस सरकार ने कभी जर्जर स्कूलों को ठीक करने पर ध्यान नहीं दिया। अब हम तय कर रहे हैं कि निर्माण की तिथि, मरम्मत करने की तिथि होगी और अंतिम तिथि भी होगी ताकि सरकार को ध्यान रहे कि कौन सी बिल्डिंग कब जमींदोज करनी है। दिलावर ने कहा- कांग्रेसी बिना सोचे समझे काम करते थे। इनके समय में मरम्मत योग्य स्कूल भवनों पर ध्यान नहीं दिया। जर्जर भवनों पर क्यों नहीं ध्यान दिया गया? मरमत क्यों नहीं की गई? इसकी वजह से एक साथ हमें इतने भवन बनाने पड़ रहे हैं। हम पीछे नहीं हटेंगे, हम चरणबद्ध तरीके से मरम्मत करवाएंगे। स्कूल भवनों का होगा थर्ड पार्टी ऑडिट दिलावर ने कहा कि अब तक 30 करोड़ तक के भवनों की ही थर्ड पार्टी ऑडिट होती थी। अब सभी स्कूल भवनों का पॉलिटेक्निक कॉलेज से थर्ड पार्टी ऑडिट करवाएंगे ताकि बिल्डिंग सही बन रही है कि नहीं बन रही है यह पता लग जाए।


