बूंदी में शुक्रवार सुबह 9 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर 50 से 60 मीटर रह गई। इसके चलते सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि, सुबह 10 बजे के बाद धूप निकलने से स्थिति सामान्य हुई। जिले में गुरुवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार से सोमवार तक जिले में मौसम में बदलाव आएगा और हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि 31 जनवरी से एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से बूंदी जिले में बादल छा सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। इस मौसमी सिस्टम का असर 2 फरवरी तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले दो सप्ताह तक कड़ाके की ठंड जारी रहने और फरवरी के पहले सप्ताह में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। जिले में फसल खराबी के बाद किसान बीमा कंपनियों और सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। किसान अपनी मांगों को लेकर एसडीएम और कलेक्टर को अलग-अलग ज्ञापन सौंप रहे हैं। किसानों का आरोप है कि बीमा कंपनियां उनके साथ धोखाधड़ी करती हैं। उनका कहना है कि वर्तमान बीमा पॉलिसी में फसल कटाई के समय ही खराबी का आंकलन किया जाता है, जबकि पहले फसल खराब होने की अवस्था के अनुसार मुआवजे का आंकलन किया जाता था। किसानों ने सरकार द्वारा पॉलिसी में किए गए इस बदलाव पर नाराजगी व्यक्त की है।


