अशोकनगर के पिपरिया राय गांव में गुरुवार-शुक्रवार की रात एक घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में घर का लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। आग बुझाने के दौरान 40 वर्षीय शिवकुमारी बागड़ी गंभीर रूप से झुलस गईं, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जबकि उनके पति गोपाल बागड़ी भी मामूली रूप से घायल हुए। गृहस्थी का सामान और जेवर राख घटना के समय गोपाल बागड़ी खेतों पर थे, जबकि उनकी पत्नी शिवकुमारी और तीन बच्चे कच्ची दो मंजिला अटारी में ऊपर सो रहे थे। आग नीचे (मढ़ा) में लगी थी। सुबह करीब 4 बजे जब गोपाल घर लौटा, तो उन्होंने देखा कि नीचे आग भड़क चुकी थी। उन्होंने तुरंत ऊपर सो रही पत्नी और बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। गोपाल ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जब वह अपनी पत्नी को बचाने पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी और दूसरी मंजिल तक पहुंच गई थी। इसी दौरान शिवकुमारी गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग की चपेट में आने से घर में रखा गृहस्थी का पूरा सामान, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं। पिपरिया राय गांव में रातभर चला रेस्क्यू बताया गया है कि 18 फरवरी को गोपाल के भांजे की शादी थी, जिसके लिए उन्होंने मंडप का काफी सामान खरीदा था। यह सामान भी उसी कमरे में रखा था जहां आग लगी। जिस कमरे में आग लगी, उसमें आमतौर पर गोपाल का छोटा भाई रहता है, लेकिन उसकी पत्नी मायके गई हुई थी और वह उसे लेने गया था, इसलिए कमरा खाली था। इस आगजनी से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। गांव वालों की मदद से सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका।


