हरदा। जिले में गंभीर अपराधों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शशांक ने हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट, चोरी, मारपीट, अपहरण, अवैध शराब कारोबार और सड़क हादसों से जुड़े मामलों में फरार 12 आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया है। आरोपियों की जानकारी देने या गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। थाना टिमरनी क्षेत्र में सड़क हादसे के मामले में फरार आरोपी राकेश जाट निवासी गोंदागांव खुर्द पर इनाम रखा गया है। वहीं अवैध शराब कारोबार से जुड़े एक बड़े मामले में सुखविन्द्र सिंह खरूर, डिम्पल खरूर, अमरेश मनोहर देशपाण्डे, आरिफ निसार (जीरकपुर निवासी) और उनके एजेंट शैलेन्द्र राय निवासी इंदौर की गिरफ्तारी पर भी इनाम घोषित किया गया है। हत्या के प्रयास और धमकी देने वाले भी फरार
इसी थाना क्षेत्र में मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में फरार प्रदीप उइके निवासी टिमरनी, जबकि चोरी के अलग-अलग मामलों में जगदीश उर्फ जंगाबली सिसोदिया, मनोज सिसोदिया और राज सिसोदिया निवासी गुलखेड़ी, राजगढ़ पुलिस को तलाश है। घर में सेंधमारी और चोरी के मामले में फरार परसराम बंजारा निवासी सामरधा तथा नाबालिग से दुष्कर्म (पॉक्सो एक्ट) के गंभीर मामले में फरार आरोपी छोटू उर्फ दिलीप निवासी भौनखेड़ी पर भी 3-3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के मामले में फरार शंकर उर्फ रामशंकर बिश्नोई निवासी कांकरिया की गिरफ्तारी पर इनाम रखा गया है। वहीं थाना रहटगांव क्षेत्र में मारपीट और धमकी के मामले में फरार शिवप्रसाद कोरकू निवासी झाड़बीड़ा पर भी इनाम घोषित किया गया है। पुलिस अधीक्षक शशांक ने बताया कि जो भी व्यक्ति इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को सटीक सूचना देगा या सहयोग करेगा, उसे घोषित इनाम राशि दी जाएगी। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और इनाम देने का अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक स्तर से किया जाएगा।


