अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने सिहोरा में बड़ी कार्रवाई की है। धनगवां गांव में छापामारी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लाहन मिला, जिसे मौके पर ही जलाकर नष्ट कर दिया गया। शराब बनाने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त को सूचना मिली थी कि धनगवां गांव में बड़ी मात्रा में शराब बनाई जा रही है और आसपास के गांवों में बेची जा रही है। शुक्रवार की सुबह आबकारी टीम मौके पर पहुंची तो शराब बनाने वाले आरोपी फरार हो चुके थे। टीम ने गांव में खोजबीन के दौरान वेटरनरी विभाग की पुरानी बिल्डिंग पर ध्यान दिया, जिसमें अवैध शराब छिपाई गई थी।
वृत प्रभारी आरएस मरावी ने बताया कि पुरानी पशु चिकित्सालय की बिल्डिंग में ताला बंद था। पशुचिकित्सा विभाग के कर्मचारियों की मदद से तलाशी लेने पर 25 लीटर हाथ भट्टी शराब और 70 प्लास्टिक डिब्बों में लगभग 1050 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। महुआ लाहन का सैंपल लेकर मौके पर नष्ट किया गया। इसके अलावा ग्राम बड़ाखेड़ा में आरोपी मूर्त ठाकुर के घर से भी अवैध शराब बरामद हुई। म. प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क और (च) के तहत कुल 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।


