रायसेन में शुक्रवार को भी कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चलीं। मंगलवार रात हुई बारिश के बाद मौसम में बदलाव आया है, जिसके चलते दिन और रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री से घटकर 23 डिग्री पर आ गया। वहीं, रात का तापमान भी 12 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शुक्रवार सुबह हल्के कोहरे के साथ ठंडी हवाएं चलीं और रात भर गिरी ओस से पेड़-पौधों पर बूंदें जम गईं। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होगा। 31 जनवरी, 1 और 2 फरवरी को बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले कोहरे का असर बना रहेगा। मौसम में आए इस बदलाव से रबी सीजन की फसलों को काफी फायदा हो रहा है। बारिश के बाद रात में गिर रही ओस गेहूं की फसल के लिए टॉनिक और अमृत के समान साबित हो रही है, जिससे फसलों की ग्रोथ अच्छी होगी और पैदावार में वृद्धि होगी।


