झारखंड में बदल गया मौसम का पैटर्न:ग्रीन हाउस गैसों का बढ़ रहा प्रभाव, 9 महीने तक गर्मी हो रही महसूस, 2024 सबसे गर्म साल

झारखंड का मौसम पैटर्न लगातार बदल रहा है। यहां दूसरे मौसमों पर गरमी का असर कुछ ज्यादा हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 2015 से 2025 तक के हमारे मौसम के रिकॉर्ड बता रहे हैं कि राज्य का मौसम पैटर्न बदला है। सामान्यत: सभी मौसम चार-चार महीने में बंटे होते थे, अब ऐसा नहीं है। बीते 10 साल के रिकॉर्ड का पैटर्न बता रहा है कि राज्य में साल के 12 महीने में 09 महीने गर्मी महसूस होती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद की मानें तो राज्य ग्रीन हाउस गैस का प्रभाव बढ़ रहा है। यही वह कारक होता है जो मौसम के पैटर्न को बदलता है। उन्होंने बताया है कि 2015 से 2025 के 10 साल में सबसे गर्म साल 2024 रहा है। औसत तापमान से प्रदेश का तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस तक बदला है। राज्य के लिए यह बेहतर संकेत नहीं हैं। राज्य में नमी का भी हो रहा असर अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के मौसम में जो बदलाव बीते सालों में देखने को मिल रहे हैं, वो चिंताजनक हैं। राज्य के मौसम में केवल ठंड और गर्मी का ही प्रभाव नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि हाल के सालों में नमी भी देखने को मिल रही है। मौसम में इस बदलाव को लेकर उनका मानना है कि राज्य का मौसम सबसे बेहतर था, अब यह कही-सुनी बातें हो कर रह गई हैं। राज्य में बढ़ता प्रदूषण और पेड़ों की कटाई, दो ऐसी वजहें हैं, जिसने यह बदलाव किया है। उन्होंने बताया कि वैसे तो गर्मी के मौसम को लेकर पूर्वानुमान मार्च से आने शुरू होते हैं, पर अभी जो वर्तमान स्थिति देखने को मिल रही है वह खासा गर्मी पड़ने का संकेत दे रही है। उन्होंने कहा कि इस साल बीते सालों की अपेक्षा गर्मी लोगों को सताएगी। 24 घंटे में 3 डिग्री तक बदलेगा मौसम प्रदेश के लगभग सभी जिलों में अगले 24 घंटे तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। जबकि 8 फरवरी से न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की कमी आएगी। इससे सुबह शाम में कनकनी हो सकती है। सुबह में हर दिन कोहरा और धुंध रहेगा लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा। 9, 10 और 11 फरवरी को दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे। ऐसा रहा राज्य का मौसम बुधवार को राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में रिकॉर्ड किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे अधिक तापमान फिर से सरायकेला का रहा। यहां का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान बुधवार को 30 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक और 24 घंटे में 1.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 4.2 डिग्री तथा 24 घंटे में 4.2 डिग्री अधिक रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *