झाबुआ जिले की ग्राम पंचायत पारा के बोरी रोड स्थित नाले में जमा कचरे से स्थानीय रहवासी को से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। लंबे समय से नाले की सफाई न होने के कारण गंदगी और बदबू से लोग परेशान हैं। ग्राम पंचायत प्रशासन इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। स्थानीय युवा अनुराग पांचाल ने बताया कि नाले की स्थिति काफी समय से खराब है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। रहवासियों ने अपनी इस समस्या से ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश अजनार को भी अवगत कराया है, ताकि उनके जरिए समस्या हल हो सके । सचिव ने PWD पर डाली जिम्मेदारी इस मामले में जब ग्राम पंचायत सचिव अमरसिंह मुजाल्दा से बात की गई, तो उनके बयानों में विरोधाभास सामने आया। सचिव ने पहले दावा किया कि नाले की सफाई प्रतिदिन करवाई जाती है और शिकायत करने वाले लोग ही वहां कचरा फेंकते हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी बात बदलते हुए समस्या का ठीकरा लोक निर्माण विभाग (PWD) पर फोड़ दिया। सचिव का कहना था कि यह पीडब्ल्यूडी का रोड है और नाले में पाइप छोटे होने के कारण पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पा रही है। उन्होंने अंत में स्वीकार किया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए अब नाले को जेसीबी मशीन लगाकर साफ करवाना पड़ेगा।


