उदयपुर में सुखाड़िया यूनिवर्सिटी रोड स्थित निजी द स्टेनवर्ड स्कूल परिसर में पेड़ की छंगाई कर रहे एक मजदूर की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। अशोक नगर एईएन ब्रजलाल मीणा ने बताया कि नियमानुसार बिजली लाइन के आसपास वाले पेड़ों को छांगने या काटने से पहले बिजली विभाग को लिखित में सूचना देना जरूरी है। ताकि उस लाइन कि बिजली सप्लाई बंद की जा सके और पेड़ छंगाई के दौरान हादसा नहीं हो। इस मामले में हमें पूर्व में स्कूल द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई। जिसके कारण ये हादसा हो गया। काटी हुई डाली लाइन से हटाने के प्रयास में गई जान हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। जब मजदूर पेड़ पर चढ़कर छंगाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि पेड़ से करीब 8 से 10 फीट दूर से 33केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। मजदूर ने पेड़ की डाली काटी और वह डाली गिरकर हाईटेंशन लाइन को छू गई। मजदूर ने उस डाली को लाइन से हटाने का प्रयास किया, तभी करंट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा के बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद बिजली सप्लाई बंद कराई गई। करंट चिपकते ही पेड़ में फंसा रहा मजदूर का शव
करंट लगने के बाद मजदूर का शव कई देर तक पेड़ पर ही फंसा रहा। आसपास लोगों को इसकी सूचना लगी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। भूपालपुरा थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फिर शव को नीचे उतरवाकर एमबी हॉस्पिटल मोर्चरी शिफ्ट कराया गया। एईएन ब्रजलाल मीणा का कहना है कि स्कूल द्वारा सूचना नहीं देने के कारण ये हादसा हुआ। इस मामले में वे पुलिस के सहयोग से जांच कर रहे हैं।


