महात्मा गांधी की पुण्यतिथि और राष्ट्रीय शहीद दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों-कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कलेक्टर दीपक सोनी ने किया। उन्होंने विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ कलेक्टर ने नशामुक्ति अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को नशा न करने और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। इसके उपरांत, नशामुक्ति संकल्प हस्ताक्षर अभियान के तहत सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर किए। सरकारी कार्यालयों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के अन्य सभी सरकारी कार्यालयों में भी इसी तरह के श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर शहीदों को याद किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ नशामुक्ति जैसे सामाजिक सरोकार के प्रति प्रशासन की गंभीरता भी प्रदर्शित की गई।


