जिले में शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके सिद्धांतों को याद किया। शहीद दिवस के मौके पर जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एडीएम दिनेश चन्द्र धाकड़ सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान गांधी जी की प्रिय ‘रामधुन’ और अन्य देशभक्ति भजनों का गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात, उपस्थित सभी अधिकारियों व कार्मिकों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों और महात्मा गांधी के सम्मान में 2 मिनट का मौन रखा और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


