बड़वानी में सीवरेज गंदगी से लोग परेशान:कंपनी कर्मचारियों को माला पहनाकर पानी मांगा, प्रदर्शन

बड़वानी शहर के नवलपुरा मुख्य मार्ग पर सीवरेज कार्य के दौरान पेयजल और कॉलोनी की सीवरेज लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पिछले 15 दिनों से यह समस्या बनी हुई है, जिससे मुख्य मार्ग पर गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। इससे परेशान होकर शुक्रवार दोपहर रहवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। बीते दो-तीन दिनों से मकानों और दुकानों के सामने सीवरेज का गंदा पानी बह रहा है। दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है, और वे भोजन तक नहीं कर पा रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि नगर पालिका और सीवरेज कंपनी इस ओर ध्यान नहीं दे रही हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे, गुस्साए लोगों ने सीवरेज कंपनी के मैनेजर से शिकायत की और मार्ग पर थोड़ी देर के लिए आवागमन रोक दिया। उन्होंने खाली बर्तन लेकर “नगर पालिका पानी दो” के नारे लगाए और जमकर नारेबाजी की। कुछ रहवासियों ने कंपनी कर्मचारियों को माला पहनाकर पानी की मांग भी की। रहवासी महेश यादव ने बताया कि नवलपुरा और अमित नगर में लोग गंदगी और बदबू के कारण खाना नहीं खा पा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सीवरेज और पेयजल लाइनें फूटने से पिछले 12 दिनों से नल में पानी नहीं आ रहा है, जिससे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने कहा कि लगातार बह रही सीवरेज की गंदगी से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने इंदौर के भागीरथपुरा जैसी घटना की पुनरावृत्ति की आशंका जताई। जाधव ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। यह समस्या नवलपुरा में अमित नगर कॉलोनी के मार्ग और रोड किनारे सीवरेज लाइन डालने के दौरान पेयजल और कॉलोनी की सीवरेज लाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण उत्पन्न हुई है।
कुछ दिन पूर्व पेयजल सप्लाई के दौरान घरों के नलों में सीवरेज का मिला हुआ गंदा पानी वितरित हुआ, तो अभी करीब एक किमी दूर तक गंदा पानी बह रहा हैं। कुछ जगह गड्ढों में सीवरेज का गंदा पानी जमा हुआ हैं। शुक्रवार दोपहर रहवासियों ने रोड पर खाली बर्तनों को लेकर जमकर नारेबाजी कर हंगामा किया। इस दौरान आमजन को आवागमन में दिक्कत आई और कॉलोनी मोहल्लों की गलियों में वाहनों की रेलमपेल बढ़ गई।

सिवरेज कंपनी के मैनेजर दीपेंद्र ने बताया कि कॉलोनी की पुरानी सिवरेज लाइन काम के दौरान डैमेज हो गई थी। उसको सुधारा जा रहा है। इसी लाइन के फूटने से पेयजल लाइन का पानी मिक्स हो रहा था। जिसके कारण 12 दिनों से जल आपूर्ति बंद थी। संभवतः आज कार्य पूर्ण हो जाएगा। ओर फिर से यहां के लोगों को पेयजल नियमित मिलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *