कोडरमा में दर्शील बर्णवाल उर्फ सोनू के शव का शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम किया गया। गुरुवार की शाम चंदवारा प्रखंड में कुएं से दर्शील की लाश मिलने के बाद से ही परिजन इसे हत्या मान रहे हैं। वहीं, पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। दर्शील पिछले 72 दिनों से लापता था। अपनी शादी से ठीक 10 दिन पहले वह अचानक गायब हो गया था। अब उसका कंकाल मिला है। दैनिक भास्कर की टीम दर्शन के घर पहुंची और परिजनों से बात की। भतीजे की शादी की तैयारी कर रहे थे: चाची
दर्शील की मां विमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। उनका कहना है कि बेटा तो वापस नहीं आया, लेकिन उसे इस मुकाम तक जिसने भी पहुंचाया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले। दर्शील की चाची सुषमा देवी ने कहा कि हम तो अपने भतीजे की शादी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन किसी ने उसकी हत्या कर दी और उसे कुएं में फेंक दिया। इधर, दर्शील का छोटा भाई विवान हजारीबाग में रहकर पढ़ाई करता है। भाई के लापता होने के बाद से वो घर पर ही है और वह भी लगातार इस आस में था कि शायद उसका भाई लौटेगा और घर में फिर से खुशियों का माहौल होगा। लेकिन 72 दोनों के बाद उसके भाई का शव मिलने से वह भी हताश है। दर्शील एक परचून की दुकान चलाता था
विवान का कहना है कि घर के बगल के रहने वाले कुछ लोगों ने उसके भाई की हत्या कर उसे कुएं में फेंक दिया है। दर्शील अपने पिता और बड़े भाई के साथ एक परचून की दुकान चलाता था। दर्शील की मां एक गृहणी हैं, जो घर पर ही रहा करती है। मृतक का छोटे भाई विवान ने बताया कि दर्शील की शादी 29 नवंबर को कोडरमा प्रखंड के बेकोबार गांव में तय हुई थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। दूल्हे की शेरवानी, सेहरा और दुल्हन के लिए श्रृंगार का सामान भी खरीदा जा चुका था। शादी से ठीक 10 दिन पहले दर्शील अपने घर के पास से अचानक लापता हो गया। परिजनों ने चंदवारा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था और दर्शील की लगातार खोजबीन जारी थी। घर से 100 मीटर की दूरी पर मिली लाश
पुलिस के साथ-साथ पारिवारिक और सामाजिक संगठनों द्वारा भी उसकी तलाश की जा रही थी। इस दौरान कई सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने जन आंदोलन किए और रैलियां निकालकर पुलिस कप्तान से दर्शील को जल्द ढूंढने की मांग की थी। इधर, 72 दिन बाद दर्शील के घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक कुएं से उसका शव बरामद किया गया।


