खो-नागोरियान इलाके में पुलिस थाने से महज एक किमी दूर जमीन पर कब्जा करने आई गैंग ने बीच बाजार में फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि फायरिंग में कोई भी जनहानि नहीं हुई। इस घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिसमें दिख रहा है कि कैसे युवक बीच बाजार में पिस्टल लोड कर लगातार हवाई फायर कर रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। उधर, पीड़ित परिवार की ओर से थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। थानाधिकारी ओम प्रकाश मातवा ने बताया कि खो-नागोरियान के गांव में कब्जा करने आए कुछ लोगों के खिलाफ बाबू खां के भतीजे आबिद खां निवासी खो-नागोरियान गांव ने शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि 1100 वर्ग गज जगह में उनका परिवार रहता है। जिसमें करीब 300 वर्ग गज जगह पर परिवार ने निमार्ण करा रखा है। हाल ही में जब बाबू खां ने बाकी जगह पर निमार्ण करने का प्रयास किया तो, मो. इलियास का बेटा मो. इदरीस उस जगह का पंचायती पट्टा अपने पिता के नाम का लेकर आया। वह कोर्ट से जमीन पर किसी प्रकार के निमार्ण नहीं होने को लेकर स्टे भी लेकर आ गया। इसके बाद थाने में 14 दिसंबर को मामला भी दर्ज करा दिया। जब पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और मामले की सत्यता का पता किया तो सामने आया कि मो. इलियास का मामले में बताई गई जमीन से कोई लेना-देना ही नहीं है। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही थी। इस पर भी जब इदरीस को सफलता नहीं मिली तो वह बुधवार को 3-4 गाड़ियों में 1 दर्जन से अधिक युवकों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंच गया। इस दौरान बदमाशों ने हवाई फायर किए। फायरिंग के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालकर बदमाशों की तलाश में जुटी है। घटनाक्रम का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पिस्टल को लोड करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद करीब 3 से 4 फायर करने की आवाज सुनाई पड़ रही है। बचाव में आए पीड़ित पक्ष ने बदमाश युवकों पर पथराव करने का प्रयास किया था। वहीं, फायरिंग करने आए इदरिस सांगानेर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।


