फाजिल्का: शहर की सड़कों पर बुलेट मोटरसाइकिल के मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे छोड़कर दहशत और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले युवाओं पर अब ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। फाजिल्का ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बुलेट चालक का भारी-भरकम चालान काटकर स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों के उल्लंघन पर किसी की सिफारिश काम नहीं आएगी। सिफारिश से पहले एक्शन: 2 मिनट में थमाई रसीद ट्रैफिक पुलिस अधिकारी सुरिंदर कुमार ने बताया कि पुलिस टीम शाह पैलेस के नजदीक चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान एक युवक बिना किसी डर के मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट पर आ रहा था। पुलिस ने जब उसे रोका, तो युवक ने किसी रसूखदार से सिफारिश करवाने के लिए फोन मिलाने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उसे मौका दिए बिना मात्र 2 मिनट के भीतर ऑनलाइन चालान काटकर रसीद उसके हाथ में थमा दी। इन नियमों की उड़ी थीं धज्जियां: जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मोटरसाइकिल में न केवल पटाखे वाला साइलेंसर लगा था, बल्कि उसकी नंबर प्लेट भी सरकारी मानकों के अनुसार नहीं थी। मॉडिफाइड साइलेंसर का जुर्माना: ₹5,000 गलत नंबर प्लेट का जुर्माना: ₹2,000 कुल चालान: ₹7,000 ट्रैफिक पुलिस की चेतावनी: “नहीं होगी कोई सुनवाई” अधिकारी सुरिंदर कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि शहर में ध्वनि प्रदूषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब ट्रैफिक पुलिस का मुख्य फोकस ऐसे बुलेट चालकों पर है जो नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं। उन्होंने साफ किया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी तरह की राजनीतिक या व्यक्तिगत सिफारिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।


