अंडर-14 कुश्ती में अधिक उम्र के खिलाड़ियों के फर्जी जन्म सर्टिफिकेट तैयार कर उन्हें कम उम्र के खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करवाकर योग्य खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले आरोपी को पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पटियाला के एसपी देहात राजेश छिब्बर ने बताया कि इंद्रजीत सिंह निवासी गांव सियालू तहसील राजपुरा द्वारा ब्रह्म प्रकाश के खिलाफ 27 अक्टूबर 2024 को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के बाद 318(4) 338, 336(3), 340(2) बीएनएस थाना सदर पटियाला दर्ज किया गया। इस मौके पर इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह भिंडर भी मौजूद थे। ये है मामला एसपी देहात राजेश छिब्बर ने बताया कि जांच के दौरान 13 दिसंबर 2024 को उक्त मामले में ब्रह्म प्रकाश निवासी गांव शेखपुरा तहसील गन्नौर जिला सोनीपत, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया था। जिससे पूछताछ में पता चला कि ब्रह्म प्रकाश के बेटे का जन्म 01.09.2006 को हुआ था, लेकिन आरोपी ने अपने बेटे का फर्जी जन्म सर्टिफिकेट तैयार किया, जिसमें लड़के की जन्मतिथि 01.09.2009 (तीन साल कम) लिखवाकर फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर सरकारी सीनियर सेकेंडरी बहादुरगढ़ में छठी क्लास में दाखिल करवा दिया। इसके बाद पंजाब में विभिन्न अंडर-14 कुश्ती प्रतियोगिताओं में लड़के को खिलवाकर योग्य खिलाड़ियों का हक छीना। गहराई से होगी जांच और कौन शामिल हैं एसपी छिब्बर ने आगे कहा कि ब्रह्म प्रकाश का पुलिस रिमांड हासिल कर मामले की गहराई से जांच की जाएगी और पता लगाया जाएगा कि आरोपी के साथ इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। और किन किन खिलाड़ियों ने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर खेल प्रतियोगिताओं में खेलकर पंजाब के योग्य खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। संबंधित अथॉरिटी से पुलिस की अपील एसपी देहात ने संबंधित सिविल अथॉरिटी से कहा कि, यदि ऐसी कोई शिकायत मिलती है तो पूरी जांच होने के बाद ही खिलाड़ियों को खेल प्रतियोगिता में खेलने की अनुमति दी जाए, ताकि किसी भी योग्य खिलाड़ी का भविष्य खराब न हो।


