पंजाब के परिवहन और जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पट्टी विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पंजीकरण अभियान जारी है। कैबिनेट मंत्री ने पट्टी शहर के वार्ड नंबर 8 और सबरा व सखीरा गांवों में घर-घर जाकर योजना कार्ड के लिए अपॉइंटमेंट स्लिप वितरित कीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भुल्लर ने योजना की बताया कि अब राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग भी निजी अस्पतालों में उपचार करा सकेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य का कोई भी नागरिक धन की कमी के कारण बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। दवाईयों के साथ टेस्ट होंगे मुफ्त : भुल्लर भुल्लर ने आगे बताया कि इस योजना में सभी दवाइयों के साथ-साथ डायग्नोस्टिक टेस्ट भी मुफ्त किए जाएंगे। इसके तहत नागरिकों को ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और अन्य उन्नत चिकित्सा श्रेणियों में विशेष उपचार सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के तहत अस्पतालों में इलाज का पूरा खर्च और डायग्नोस्टिक सेवाएं पूरी तरह से कवर की जाती हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का यह कदम लोगों को अच्छी और मुफ्त चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।


