MSP पर गेहूं बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन 1 फरवरी से:किसान 25 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, खरीद 10 मार्च से

राजस्थान में रबी विपणन सीजन 2026-27 के लिए गेहूं खरीद की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया है। किसान अपनी उपज बेचने के लिए 1 फरवरी 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान की वेबसाइट https://food.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध ‘गेहूं खरीद हेतु किसान रजिस्ट्रेशन पोर्टल’ के माध्यम से किसान स्वयं या ई-मित्र केंद्र पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है। पंजीकरण के लिए अद्यतन जन आधार कार्ड अनिवार्य है। गेहूं की बिक्री का भुगतान सीधे किसान के जन आधार से जुड़े बैंक खाते में किया जाएगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वे सुनिश्चित करें कि उनका वांछित बैंक खाता जन आधार से लिंक हो। पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध है। किसान पंजीकरण और खरीद संबंधी अन्य जानकारी या समस्याओं के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14435 पर संपर्क कर सकते हैं। यह सेवा राजकीय कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी। किसानों को खरीद संबंधी महत्वपूर्ण अपडेट उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भेजे जाएंगे। राज्य में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद का कार्य 10 मार्च 2026 से शुरू होकर 30 जून 2026 तक चलेगा। इस कार्य के लिए कुल 383 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन क्रय केंद्रों की सूची खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की वेबसाइट पर देखी जा सकती है। इस वर्ष भारतीय खाद्य निगम (FCI), राजफेड, तिलम संघ, नाफेड और एनसीसीएफ के साथ-साथ राजस्थान राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम भी किसानों से गेहूं खरीद का कार्य करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *