भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुर में अंजुमन इस्लामिया के सदर सहित अन्य पदों के लिए चुनाव मंगलवार को किया गया। करबला रोड निवासी महबूब अंसारी 193 वोटों से चुनाव जीते और लगातार चौंथी बार मुस्लिम समाज के सदर चुने गए। परिणाम की घोषणा के बाद मस्जिद के बाहर और बस स्टैंड में जीत की खुशी में जमकर आतिशबाजी हुई। चुनाव में कलीमुल्लाह मलिक को सेक्रेटरी पद के लिए चुना गया। खजांची पद के लिए पूर्व पदाधिकारी प्यार मोहम्मद निर्विरोध चुने गए। मंगलवार को सुबह 8 बजे से मदरसा कैम्पस में बैलेट पेपर से चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई और शाम 4 बजे तक चली। 1300 मतदाताओं में से 830 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। गिनती शाम 5 बजे से शुरू हुई जो 7 बजे तक चली। महबूब अंसारी को कुल 487 वोट मिले। वे कुल 193 मतों से विजयी हुए। इनके विरूद्ध सदर पद के लिए खड़े फैजान सरवर खान को 294 वोट मिले। सेक्रेटरी पद के लिए कलिमुल्लाह मलिक को 413 और लतिफ अंसारी को 362 वोट मिले, जिसमें कलिमुल्लाह मलिक 51 वोट से विजयी हुए। ज्ञातव्य हो कि महबूब अंसारी 2088 में सेक्रेटरी के पद से शुरुआत की थी। अंसारी ने कहा-शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता लगातार चौथी बार सदर चुने गए महबूब अंसारी ने कहा, समाज को बेहतर शिक्षा से जोडऩा और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। सामजिक संस्थानों का कायाकल्प करने के साथ ही उसकी उचित देखरेख और रखरखाव के पुख्ता इंतजाम करने की बात कही।


