धान खरीदी के आखिरी दिन उमड़ी किसानों की भारी भीड़:बलरामपुर के बड़कीम्हरी उपार्जन केंद्र पर सबसे ज्यादा दबाव;400 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के 49 धान उपार्जन केंद्रों पर शुक्रवार को धान खरीदी के अंतिम दिन किसानों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ केंद्रों पर पहुंचने लगे, जिससे लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ। जिला मुख्यालय बलरामपुर के पास स्थित बड़कीम्हरी धान उपार्जन केंद्र पर स्थिति सबसे गंभीर रही। यहां 400 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ किसान धान बेचने पहुंचे, जिससे उपार्जन केंद्र तक पहुंचने वाले मार्गों पर दो से तीन किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इसी तरह बाकी धान उपार्जन केंद्रों पर भी भारी भीड़ देखी गई। कामेश्वर नगर धान उपार्जन केंद्र में 200 किसानों के टोकन काटे गए। रघुनाथ नगर में 104, रामनगर में 123, वीरेंद्र नगर में 154, बसंतपुर में 112 और बलरामपुर जिला मुख्यालय में 166 किसानों के टोकन जारी किए गए। भीड़ के कारण व्यवस्थाओं पर पड़ा दबाव वहीं, भवरमाल उपार्जन केंद्र में 88 किसान धान बेचने पहुंचे। किसानों की अत्यधिक भीड़ के चलते कई स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके, समितियों और प्रशासनिक कर्मचारियों ने खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए लगातार प्रयास किए। कलेक्टर बोले- सभी किसानों का धान खरीदा जाएगा कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बताया कि आज जितने भी किसान उपार्जन केंद्रों पर पहुंचे हैं, सभी के टोकन काटे गए हैं, इसी वजह से केंद्रों पर भीड़ नजर आ रही है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में आज लगभग 2 लाख 32 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। किसानों से धैर्य रखने की अपील कलेक्टर ने किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भले ही खरीदी में समय लगे, लेकिन एक भी किसान का धान छोड़ा नहीं जाएगा। प्रशासन ने देर रात तक खरीदी कार्य जारी रखने के निर्देश दिए हैं। खरीदी को लेकर किसानों की उम्मीदें स्पष्ट धान खरीदी के अंतिम दिन किसानों की भारी उपस्थिति ने यह साफ कर दिया कि जिले में खरीदी को लेकर किसानों की बड़ी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं, और प्रशासन भी पूरी तत्परता से व्यवस्था संभालने में जुटा हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *