डीडवाना-कुचामन में शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पुलिसकर्मियों से इन मूल्यों को अपने कर्तव्य निर्वहन में आत्मसात करने का आह्वान किया। तोमर ने कहा कि गांधी जी के विचार केवल स्मरण तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें व्यवहारिक जीवन और सेवा कार्यों में अपनाया जाए। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना, हिमांशु शर्मा ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डीडवाना के समस्त स्टाफ द्वारा गांधी जी का प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम’ का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। डीडवाना-कुचामन पुलिस ने शहीद दिवस के अवसर पर शांति, सद्भाव, सत्य, अहिंसा और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।


