बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मिक्सर मशीन पलटने से एक मजदूर की मौत हो गई। इस घटना में नौ अन्य मजदूर मामूली रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा शुक्रवार को अंजड़ के ठीकरी रोड पर उस समय हुआ, जब ग्राम काट्याखेड़ी से ग्राम जुनाझीरा काम पर जा रहे 10 मजदूर ट्रैक्टर और उस पर लगी मिक्सर मशीन पर सवार थे। लगभग 11.30 बजे अंजड़-ठीकरी रोड पर मिक्सर मशीन का टायर अचानक निकल गया, जिससे मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। मिक्सर मशीन के नीचे दबने से काट्याखेड़ी निवासी राधेश्याम पिता सीताराम बघेल गंभीर रूप से घायल हो गए। ठेकेदार और साथी मजदूरों ने उन्हें तत्काल अंजड़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में अन्य नौ मजदूरों को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। अंजड़ थाना पुलिस ने सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने अभी तक कोई औपचारिक तहरीर नहीं दी है।


