झालावाड़ के झालरापाटन थाना क्षेत्र में गिंदौर रेलवे पुलिया पर एक शराबी युवक ने जमकर उत्पात मचाया। युवक खुदकुशी की धमकी देते हुए पुलिया से लटक गया, जिससे वहां मौके पर मौजूद लोग डर गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शराबी युवक को पकड़कर अस्पताल ले गई। युवक ने पुलिया पर चढ़कर किया हंगामा पुलिस ने बताया- शुक्रवार दोपहर एक युवक शराब पीकर रेलवे पुलिया पर चढ़ गया और नीचे लटक गया। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिया के नीचे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। बातों में उलझाकर युवक को पकड़ा लोगों से सूचना मिलने पर झालरापाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब युवक नहीं माना तो जवानों ने उसे बातों में उलझाया और पीछे से चढ़े स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर सुरक्षित ऊपर खींच लिया। शराब पीने का आदी है युवक युवक को बचाने के बाद, पुलिस उसे जीप में बिठाकर झालावाड़ जिला अस्पताल ले गई, जहां उसका मेडिकल जांच कराई गई। जांच के बाद, उसे उत्पात मचाने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया है। शराबी युवक की पहचान गोविंद बागरी, गिंदौर गांव निवासी के रूप में हुई है जो शराब पीने का आदी है। शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया पुलिस ने बताया कि वह शराब के नशे में अक्सर अपने परिवार के लोगों से झगड़ा करता रहता है। शुक्रवार को भी उसने परिवार के लोगों को धमकाने के उद्देश्य से रेलवे पुलिया पर चढ़कर कूदने का प्रयास किया था। उसे फिलहाल शांति भंग की धाराओं में हिरासत में लिया गया है।


