धार के इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर शुक्रवार को एक ट्रक पलट गया। यह घटना जेतपुरा फाटे के पास हुई। अहमदाबाद से इंदौर की ओर जा रहा ट्रक क्रमांक RJ 14 GK 2974 घाट उतरते समय अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे जा पहुंचा। इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार की कोई चोट नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घाट उतरते समय ट्रक का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। ट्रक में किसी कंपनी के पार्ट्स से संबंधित सामान भरा हुआ था। फिलहाल ट्रक के गंतव्य और स्रोत के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। नौगांव थाना पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु कर दिया गया।


